अल्मोड़ा। दीपावली पर्व के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने जनपद में विशेष अभियान चलाकर छापेमारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने खाद्य सुरक्षा विभाग और सभी उपजिलाधिकारियों को संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने को कहा है। जिलाधिकारी ने अभिहित अधिकारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी और सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में समय-समय पर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत मिठाई की दुकानों सहित अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और छापेमारी की जाएगी। जांच में मिलावट या अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि दीपावली के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को देखते हुए जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए सतर्कता बरतना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान संचालित करने और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों को भी छापेमारी की कार्रवाई के लिए निर्देशित करने को कहा गया है।